हरिद्वार। ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड में बकाया राजस्व की वसूली को लेकर चलाया जा रहा अभियान लगातार तेज हो रहा है। अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देश पर सोमवार को सुभाषनगर क्षेत्र में विद्युत निगम की टीम ने वसूली अभियान चलाया।
एसडीओ शिल्पी सैनी के नेतृत्व में जेई नीरज कुमार की अगुवाई में टीम ने क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं के लिए कैंप आयोजित किया। इस दौरान बकायेदार उपभोक्ताओं को समय से विद्युत बिल जमा करने के लिए जागरूक किया गया। वहीं, लंबे समय से बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए। अभियान के दौरान विद्युत निगम की टीम ने करीब तीन लाख रुपये की राजस्व वसूली की। अधिकारियों ने बकायेदार उपभोक्ताओं को चेतावनी दी कि समय से बिल का भुगतान नहीं करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मोबिन हसन, इमरान मलिक, मोहन समेत विद्युत निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।
