ज्वालापुर में दरोगा का वीडियो वायरल, रिक्शा चालक से मारपीट का आरोप

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस के एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वायरल वीडियो में दरोगा के साथ एक महिला भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि देर रात दरोगा की कार से एक रिक्शा चालक को टक्कर लगने के बाद विवाद हुआ, जिसमें राहगीरों द्वारा दरोगा पर रिक्शा चालक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार संबंधित दरोगा की तैनाती मंगलौर थाने में बताई जा रही है। घटना के समय वह रात करीब 11 बजे ज्वालापुर क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान कार से रिक्शा चालक को टक्कर लगने के बाद दोनों पक्षों में विवाद होने की बात सामने आ रही है। घटना के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा वीडियो बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वीडियो की सत्यता, घटना के पूरे घटनाक्रम और मारपीट के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है। ऐसे में जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी। जहां एक ओर पुलिस कप्तान नवनीत सिंह पुलिसकर्मियों में अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने विभागीय अनुशासन और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!