कार्रवाई: बिजली के बिलों में गिरावट दिखी तो ऊर्जा निगम की टीम ने खंगाले मकान, 16 जगहों पर पकड़ी बिजली चोरी, कार्रवाई शुरू!

हरिद्वार। बिजली चोरी को लेकर ऊर्जा निगम ने अब ऐसे उपभोक्ताओं पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जिनके बिजली बिलों में अचानक गिरावट दर्ज की जा रही है। मुख्य अभियंता मोहित जोशी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत निगम की टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी और चेकिंग कर रही हैं। इसी क्रम में जगजीतपुर उपखंड की टीम ने ग्राम फेरुपुर और सराय क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर के नेतृत्व में टीम ने ग्राम फेरुपुर और सराय में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने पहले ऐसे मकानों और कनेक्शनों को चिन्हित किया, जिनके बिलों में लगातार या अचानक गिरावट देखने को मिल रही थी। इसके बाद संबंधित परिसरों की मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान फेरुपुर में 9 और सराय में 7 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई।

बिजली चोरी सामने आने के बाद ऊर्जा निगम की टीम ने संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता रवि कुमार का कहना है कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बिलों के पैटर्न में संदिग्ध गिरावट वाले कनेक्शनों की भी जांच की जाएगी।

वसूली अभियान में भी कसा शिकंजा

बिजली चोरी के साथ-साथ ऊर्जा निगम ने राजस्व वसूली को लेकर भी अभियान तेज कर दिया है। उपखंड अधिकारी अमित तोमर के नेतृत्व में शनिवार को अवर अभियंता वरुण प्रताप, प्रीति जिंटा व सुमित त्यागी की अगुवाई में टीम ने क्षेत्र में बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 3 लाख 18 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई। वहीं लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 28 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। निगम की इस दोहरी कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों और बड़े बकायेदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

मुख्य अभियंता मोहित जोशी के मुताबिक ऊर्जा निगम का फोकस अब केवल मौके पर बिजली चोरी पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि बिलिंग पैटर्न और खपत में होने वाले असामान्य बदलावों को भी निगरानी में लिया जा रहा है। इसी आधार पर संदिग्ध कनेक्शनों को चिन्हित कर मौके पर जांच की जा रही है। जिसके बाद चोरी में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध जुर्माने व एफआईआर की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान निरंतर आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!