जिला कारागार में बंदियों का हुआ निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला कारागार रोशनाबाद में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। रोटरी क्लब कनखल और उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, ऋषिकुल परिसर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ जेल अधीक्षक मनोज आर्य और भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने संयुक्त रूप से किया।

शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन शर्मा और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली वर्मा ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंद बंदियों को निशुल्क चश्मे और दवाइयां भी वितरित की गईं।

इस दौरान डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि जिला कारागार जैसे स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष आवश्यकता होती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। रोटरी क्लब कनखल के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने कहा कि क्लब की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे।

 

शिविर में रोटरी क्लब कनखल के हरपाल सिंह, साहिल चावला, सीएम जैन, विक्रमजीत, अनुभव गर्ग, जश्न अरोड़ा, शीलू भाटिया और नरेश रानी गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। वहीं उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. हिमानी जोशी, डॉ. स्वाति भर्तृवाल, डॉ. मंजू, डॉ. अलका दीप, डॉ. ऋचा और अनुभूति ने सेवाएं दीं। कारागार प्रशासन और चिकित्सा टीम ने शिविर के आयोजन में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!