हरिद्वार। मुख्य अभियंता मोहित जोशी के निर्देश पर ऊर्जा निगम द्वारा बिजली चोरी और बकाया राजस्व के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम सराय में ऊर्जा निगम की टीम ने छापेमारी कर 16 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर बिजली चोरी के मामले दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर के नेतृत्व में पहुंची ऊर्जा निगम की टीम ने गांव में कई घरों और प्रतिष्ठानों की विद्युत आपूर्ति की जांच की। जांच के दौरान अनियमित तरीके से बिजली का इस्तेमाल करते हुए 16 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा।

इसी अभियान के तहत निगम की टीम ने बकायेदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली भी की। टीम द्वारा करीब 2.50 लाख रुपये की वसूली की गई। उपखंड अधिकारी अमित तोमर ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी और बकाया बिलों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान में अवर अभियंता प्रीति जिंटा, अवर अभियंता वरुण प्रताप समेत ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

वहीं, इस संबंध में अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में तेजी लाने के साथ बिजली चोरी रोकने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
