हरिद्वार। धनौरी में कॉलेज जा रही एक विवाहिता के साथ चार युवतियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवतियों ने विवाहिता को कॉलेज के पास घेरकर पीटा और जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी हिमांशी गिरी पत्नी चंद्रमोहन धनौरी स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। बताया गया कि वह कॉलेज की पढ़ाई से संबंधित फाइल तैयार कराने के लिए बाजार में फोटोस्टेट कराने गई थी। इसी दौरान दौलतपुर की दो, जसवावाला की एक और धनौरी की एक युवती ने उसे घेर लिया। आरोप है कि चारों ने कॉलेज के पास उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह विवाहिता को युवतियों के चंगुल से छुड़ाया।पीड़िता का आरोप है कि युवतियां उसे जान से मारने की धमकी देकर चली गईं। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसे अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा है और वह बिना किसी डर के कॉलेज जाकर पढ़ाई करना चाहती है।सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
