हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट के मामले में आर्य समाज ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड के सदस्यों और विश्वविद्यालय स्टाफ ने कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा को ज्ञापन सौंपकर मारपीट में शामिल कर्मचारियों को बर्खास्त करने की मांग की।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल एसपी सिटी दीपक सिंह से मिला और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की मांग उठाई। एसपी सिटी ने आश्वासन दिया कि मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

आर्य समाज के स्वामी ओमानंद ने कहा कि वरिष्ठ प्रोफेसर और कुलसचिव के साथ मारपीट की घटना निंदनीय है। स्वामी श्रद्धानंद की तपोस्थली में हुई इस घटना से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।पूर्व प्रधान हाकम सिंह आर्य ने चेतावनी दी कि कुलसचिव को न्याय नहीं मिला तो 13 नवंबर को आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी अग्निवेश, प्रेम प्रकाश, स्वामी वेदानंद, विवेक आर्य, मानपाल सिंह आर्य सहित आर्य समाज के प्रतिनिधि और विश्वविद्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
