शराब स्टोर के टीनशेड में सो रहे एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में बुधवार तड़के देशी शराब के ठेके के पीछे बने टीनशेडनुमा स्टोर में भीषण आग लगने से एक अज्ञात व्यक्ति की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। स्टोर में रखी शराब की खाली पेटियों के गत्ते अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेज़ी से फैली और कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई।घटना बुधवार सुबह करीब 3:13 बजे की है, जब कंट्रोल रूम को सूचना मिली। थाना सिडकुल पुलिस और दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गत्तों को हटाए जाने पर उनके बीच से पूरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद हुआ।

वहीं, सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्टोर के किनारे कुछ लोगों ने ठंड से बचने के लिए गत्ते जलाए थे, जिसकी चिंगारी से यह हादसा हुआ। मौके पर सो रहे अशोक और एक अन्य युवक ने आग लगने की शुरुआत होते ही बाहर निकलकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें स्टोर के पीछे सो रहे व्यक्ति की जानकारी नहीं थी।

एएसपी निशा यादव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस का अनुमान है कि मृतक घुम्मकड़ हो सकता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम दृष्ट्या मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!