कोर विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया 27वाँ स्थापना दिवस 

नावेद अख्तर।

हरिद्वार। कोर विश्वविद्यालय ने बुधवार को अपना 27वाँ स्थापना दिवस बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया। सुबह से ही परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। विद्यार्थियों और शिक्षकों की चहल-पहल के बीच सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियों, नवाचार प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि ग्लोबल टेक्नो एंड एजुकेशन एसोसिएशन के चेयरमैन प्रो. एन. के. गोयल ने कहा कि कोर विश्वविद्यालय ने शिक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और अनुसंधान आधारित शिक्षा अपनाने हेतु प्रेरित किया। प्रो. गोयल ने कहा कि आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर युवा देश की प्रगति में अहम योगदान दे सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि एनटीपीसी के डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और उद्योग की बदलती जरूरतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से दक्ष और प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। त्रिपाठी ने छात्रों को कौशल विकास, प्रायोगिक शिक्षा और बदलते उद्योग मानकों के अनुरूप खुद को तैयार करने का सुझाव दिया।

स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा नवाचार परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। मेधा पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय अध्यक्ष जे. सी. जैन, श्रीयांस जैन, सुनीता जैन, चारु जैन, अंकुश मित्तल, कुलपति डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अजय कुमार, अनुज गांधी, शालिनी गोयल, छवि दीक्षित और धिवम् पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!