होटल में ठहरे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मासूम बेटे की मौत के बाद पिता ने ट्रेन से कटकर दी जान

हरिद्वार। धर्मनगरी में एक ही परिवार पर कुछ घंटों के भीतर दो बड़े हादसे टूट पड़े। मध्य प्रदेश निवासी एक दंपति के जुड़वा बच्चों में से एक मासूम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जबकि देर शाम बच्चे के पिता का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि पूरे मामले की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक टीकमगढ़, मध्य प्रदेश निवासी राघवेंद्र जोशी अपनी पत्नी बबली और तीन वर्षीय जुड़वा बच्चों के साथ सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में किराये पर रहते थे और कपड़ों की फेरी का काम करते थे। बताया गया है कि परिवार कुछ समय पहले अपने गांव गया हुआ था और बुधवार रात ही हरिद्वार लौटा था। परिवार ने शहर की शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में कमरा लिया था।

गुरुवार सुबह अचानक दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर बबली उन्हें लेकर जिला मेला अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे बच्चे को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दूसरे बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। वहीं मृत मासूम की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान बच्चे के पिता राघवेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। देर शाम ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर शव की पहचान राघवेंद्र जोशी के रूप में की। बाद में अस्पताल पहुंची पत्नी ने भी शव की शिनाख्त अपने पति के रूप में की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मासूम की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!