हरिद्वार। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार एक शातिर आरोपी को देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बीते दिनों एक युवक पर जानलेवा फायरिंग की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार बीते 18 मार्च को अम्बर तालाब निवासी संजय मौर्या ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपेन्द्र कुमार रात करीब 8 बजे काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी तहसील रुड़की क्षेत्र में घनश्याम पेंटर के घर के सामने पीछे से आए युवक ने उस पर देशी तमंचे से फायर कर दिया। हमले में दीपेन्द्र बाल-बाल बच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश जारी रखी। कोतवाली प्रभारी मनी भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को माधोपुर अंडरपास के पास से आरोपी कृष्णा अग्रवाल उर्फ कन्हैया (22) निवासी प0अ0 तालाब, रुड़की को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, कोतवाली प्रभारी मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि बरामदगी के आधार पर शस्त्र अधिनियम की धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में:
उपनिरीक्षक नवीन कुमार
हेड कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद
कांस्टेबल राकेश राणा
