राजस्व वसूली अभियान में तेजी लाने को मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश  

हमज़ा राव।

हरिद्वार। ऊर्जा निगम द्वारा चलाए जा रहे राजस्व वसूली अभियान को नई गति देते हुए मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के नेतृत्व में जगजीतपुर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सख्त कार्रवाई की गई। मुख्य अभियंता ने स्वयं टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की कमान संभाली और अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लंबे समय से बकाया बिल के चलते काटे गए कनेक्शनों की विशेष रूप से जांच की गई। मुख्य अभियंता ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें समय पर बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया और बिजली चोरी के खिलाफ सख्त चेतावनी भी दी।

गुरुवार को चलाए गए इस विशेष अभियान में विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी। उपखंड जगजीतपुर क्षेत्र के किशनपुर, सराय, जगजीतपुर और इक्कड़ में करीब 38 लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि 60 से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। लंबे समय से लंबित मामलों में यह कार्रवाई प्रभावी साबित हुई है।

मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी ने अभियान की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रखी जाए। साथ ही बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार, एसडीओ जगजीतपुर रुपेश कुमार और जेई वरुण पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!