रूडकी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फिरौती और हत्या की साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि 19 अप्रैल को ग्राम हबीबपुर कुड़ी निवासी प्रवीण कुमार ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात मोबाइल नंबर से उससे दस लाख की फिरौती मांगी जा रही है तथा रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक देहात के पर्यवेक्षण में लक्सर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में रायसी क्षेत्र में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी विकास उर्फ ठाकुर ने बताया कि उसने अपने साथी आशिफ के माध्यम से प्रवीण कुमार से दस लाख की फिरौती की मांग करवाई थी। फिरौती न मिलने पर तीनों आरोपी मिलकर उसकी हत्या की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (315 बोर), चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं, प्रभारी निरीक्षक लक्सर प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ ठाकुर निवासी हबीबपुर कुड़ी, आशिफ निवासी समीपुर (बिजनौर) तथा मुराद अली निवासी हबीबपुर कुड़ी शामिल हैं। मुख्य आरोपी विकास का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में कई मामले दर्ज हैं। प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी:-
* 02 अवैध तमंचे (315 बोर)
* 04 जिंदा कारतूस (315 बोर)
* 02 मोबाइल फोन
* 01 मोटरसाइकिल Hero HF Deluxe (UK17Z7490)
पुलिस टीम:-
व0उ0नि0 नितिन चौहान
उप निरीक्षक अजय कुमार
है0 का0 115 प्रदीप कनौजिया
का0नि0 1460 अनिल वर्मा
का0नि0 135 अरविन्द
का0नि0 304 महेंद्र
