कार्रवाई: सराय गांव में ऊर्जा निगम का बड़ा एक्शन, 18 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी

हरिद्वार। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय में ऊर्जा निगम की टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए 18 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। कार्रवाई के दौरान सभी अवैध कनेक्शनों को काट संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

ऊर्जा निगम ज्वालापुर के अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने बताया कि मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर जनपदभर में बिजली चोरी के खिलाफ व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत खंड क्षेत्र के सभी उपखंड अधिकारियों एवं अवर अभियंताओं को नियमित जांच करने तथा बिजली चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी अभियान के तहत गुरुवार को उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर एवं अवर अभियंता प्रीति जिंटा के नेतृत्व में ग्राम सराय में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 18 घरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पाया गया, जिसके बाद टीम ने मौके पर ही सभी अवैध कनेक्शन काटते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।

वहीं, उपखंड अधिकारी अमित तोमर ने बताया कि बिजली चोरी में संलिप्त पाए गए सभी उपभोक्ताओं के विरुद्ध कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। छापेमारी अभियान में लाइनमैन नसीम, संजीत, गुलफाम, विक्रमजीत समेत ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!