दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से 50 हजार की ठगी, कानों के कुंडल भी ले उड़े टप्पेबाज

हरिद्वार। शहर में टप्पेबाज गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मध्य हरिद्वार के भीड़भाड़ वाले इलाके में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। जालसाज महिला से 50 हजार रुपये नकद और उनके सोने के कुंडल ठगकर फरार हो गए।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी 75 वर्षीय आनंदी गुरुवार दोपहर को पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं। जब वह गोविंदपुरी के पास एक शोरूम के सामने पहुंचीं, तभी दो अनजान व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने महिला को अपनी बातों में ऐसा उलझाया कि उन्होंने बैंक से निकाले गए 50 हजार रुपये बदमाशों को सौंप दिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने महिला के कानों से सोने के कुंडल भी उतरवा लिए और मौके से रफूचक्कर हो गए। जब महिला को ठगी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत अपने परिवार को जानकारी दी। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है ताकि बदमाशों का पता लगाया जा सके। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!