हरिद्वार। जटवाड़ा पुल गंगा नहर में डूबे युवक की तलाश में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाया गया तीन दिवसीय संयुक्त सर्च अभियान मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के दौरान बहादराबाद क्षेत्र से युवक का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार 16 मई को पौड़ी गढ़वाल के ग्राम घोड़ियाना निवासी 25 वर्षीय विजेन्द्र पोखरियाल पुत्र राजेन्द्र पोखरियाल जटवाड़ा पुल के पास गंगा नहर के तेज बहाव में बह गए थे। घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया था। इसके बाद 17 मई को जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय हरिद्वार की सूचना पर 15वीं वाहिनी NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम में डीप डाइवर्स, चालक दल और वायरलेस स्टाफ सहित करीब 30 सदस्य शामिल रहे। बचाव दल आधुनिक रेस्क्यू उपकरण, मोटर बोट, डीप डाइविंग सूट और अन्य संसाधनों के साथ सर्च ऑपरेशन में जुट गया।

तीनों एजेंसियों ने संयुक्त रूप से गंगा नहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गहन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान जलस्तर में उतार-चढ़ाव और तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कई चुनौतियां सामने आईं। 18 मई को जलस्तर करीब चार फीट कम हुआ, जबकि 19 मई को नहर का जलस्तर फिर बढ़ जाने से अभियान और कठिन हो गया। इसके बावजूद टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बहादराबाद क्षेत्र स्थित किष्टी नाला, सिंचाई विभाग, कांवड़ मार्ग अपर गंगा कैनाल के पास युवक का शव बरामद कर लिया गया। यह स्थान घटनास्थल से करीब पांच से छह किलोमीटर दूर बताया गया है। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए सिविल प्रशासन को सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद संयुक्त सर्च अभियान समाप्त घोषित कर दिया गया। अभियान का नेतृत्व निरीक्षक तिरपन सिंह ने किया, जबकि उप निरीक्षक शिखा सिंह सुरक्षा अधिकारी के रूप में तैनात रहीं। अभियान के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा गया।

NDRF ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि गंगा नहर, नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास अत्यधिक सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
