हड़कंप: पुलिस कस्टडी में पीआरडी जवान की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी के दौरान एक पीआरडी जवान की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। मृतक की पहचान सुनील रतूड़ी के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर हवालात में कंबल से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर पुलिस को लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इंकार कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नशे की हालत में पाया। काफी समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना, तो पुलिस उसे थाने ले आई और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। थाने में भी व्यक्ति ने हंगामा किया, जिसके चलते उसे हवालात में बंद कर दिया गया। कुछ समय बाद वह संदिग्ध स्थिति में मिला। आनन-फानन में पुलिसकर्मी उसे कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आईजी राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं, मृतक के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर आक्रोश जताया और हंगामा किया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!