सख़्ती: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

हरिद्वार। जनपद में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट कुशुम चौहान के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

प्रशासनिक टीम ने देवपुरा चौक से लेकर रेलवे स्टेशन हरिद्वार तक बाई ओर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए मार्ग को पूर्ण रूप से खाली कराया। अभियान के दौरान बस स्टैंड के सामने रेलवे स्टेशन की दीवार से सटी लगभग 80 अस्थायी दुकानों एवं रेहड़ी-ठेलियों को हटाया गया। नगर मजिस्ट्रेट कुशुम चौहान ने स्पष्ट किया कि शहर के सभी फुटपाथों को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं ही फुटपाथों पर रखा सामान, रेहड़ी-ठेली आदि हटा लें, अन्यथा नगर निगम की टीम द्वारा सामान जब्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई और मरम्मत के निर्देश

अभियान के बाद जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया, वहां तत्काल साफ-सफाई के निर्देश नगर निगम हरिद्वार को दिए गए हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है।

नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी सख्ती

सड़कों और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों से यातायात बाधित होने की शिकायतों पर नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस एक्ट के तहत अभियान चलाकर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

रेलवे भूमि पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश

फुटपाथ से सटी रेलवे भूमि पर झोपड़ियां डाले जाने के मामले में रेलवे अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। नगर मजिस्ट्रेट कुशुम चौहान ने दोहराया कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां पुनः कब्जा न हो यह सुनिश्चित किया जाएगा। पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

अभियान के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त श्याम सुन्दर तथा नगर निगम की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!