कार्रवाई: बिजली बिलों की वसूली को ऊर्जा निगम का विशेष अभियान, आधा दर्जन से अधिक कनेक्शन काटे

हरिद्वार। बिजली बिलों की बकाया वसूली को लेकर ऊर्जा निगम का विशेष अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम इक्कड़ खुर्द में चलाए गए अभियान के दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने सात बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए, जबकि मौके पर ही करीब 1 लाख 60 हजार रुपये की राजस्व वसूली भी की गई।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व अवर अभियंता प्रीति जिंटा ने किया। टीम ने गांव में पहुंचकर लंबे समय से बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान सात उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए, जबकि कई अन्य उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपना बकाया जमा कराया।

अभियान के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध भी जताया, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गर्मा गया। हालांकि विभागीय टीम ने संयम के साथ कार्रवाई जारी रखी और उपभोक्ताओं को बकाया भुगतान के लिए जागरूक किया। विरोध को देखते हुए कुछ उपभोक्ताओं को 20 जून को गांव में आयोजित होने वाले विशेष वसूली शिविर में बकाया राशि जमा कराने का अंतिम अवसर दिया गया।

उपखंड अधिकारी अमित तोमर ने बताया कि राजस्व वसूली अभियान क्षेत्र में लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि बकाया भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!