बरसात को लेकर ऊर्जा निगम अलर्ट, बिजली लाइनों से सटे पेड़ों की कराई छंटाई

हरिद्वार। मानसून के मद्देनजर ऊर्जा निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित बारिश और तेज हवाओं के दौरान बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र में बिजली लाइनों के संपर्क में आ रहे पेड़ों की कटाई और छंटाई का विशेष अभियान चलाया गया।

ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) रवि कुमार के निर्देश पर जगजीतपुर उपखंड के एसडीओ अमित तोमर एवं जेई प्रीति जिंटा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में बिजली लाइनों से सटी पेड़ों की शाखाओं को हटाया। अभियान के दौरान उन स्थानों को प्राथमिकता दी गई, जहां बारिश और तेज हवा के दौरान पेड़ों की टहनियां बिजली के तारों से टकराकर शॉर्ट सर्किट, फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न कर सकती थीं।

एक्सईएन रवि कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में पेड़ों की शाखाएं बिजली लाइनों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाती हैं। समय रहते उनकी छंटाई कराए जाने से तार टूटने, विद्युत दुर्घटनाओं और अनावश्यक बिजली बाधित होने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी बारिश के दौरान बिजली संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!