ज्वालापुर में बिजली चोरों पर ऊर्जा विभाग का शिकंजा, 15 घरों में पकड़ी चोरी

हरिद्वार। ऊर्जा विभाग ने ज्वालापुर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विद्युत उपयोग करने वालों पर करारा प्रहार किया है। विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी (एसडीओ) शिल्पी सैनी ने किया। इस दौरान 15 घरों से बिजली चोरी होते हुए पकड़ी गई। ऊर्जा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और ईमानदार उपभोक्ताओं ने विभाग की इस पहल का स्वागत किया है।

अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर उपखंड अधिकारी शिल्पी सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र के मौहल्ला हज्जाबान, पीठ बाजार, कस्साबान, पांवधोई आदि इलाकों में ऐसे 40 घरों का निरीक्षण किया गया जिनके विद्युत बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काटे गए थे। निरीक्षण के दौरान 15 घरों में बिजली चोरी पकड़ी।

कई स्थानों पर सीधे लाइन से कनेक्शन जोड़कर तथा मीटर से छेड़छाड़ कर विद्युत उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शनों को काटा और नियमानुसार जुर्माने एवं एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

एसडीओ शिल्पी सैनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस प्रकार के सघन अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!