बिजली बिल बकायेदारों पर ऊर्जा विभाग की सख्त कार्रवाई, 30 कनेक्शन काटे, 2 लाख की वसूली

राहत अंसारी।

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को विभागीय टीम ने मोहल्ला धीरवाली, अहबाब नगर और विष्णुलोक कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए।

अवर अभियंता मुकेश रवि और मनोज कुमार टांक ने बताया कि अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार तथा उपखंड अधिकारी अर्चना के निर्देश पर पिछले कई दिनों से बकायेदारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया गया है, उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को अभियान के दौरान करीब 30 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, साथ ही विभाग ने करीब दो लाख रुपये का राजस्व भी वसूल किया।

वहीं, अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना बकाया बिल जमा नहीं किया है, वे जल्द से जल्द भुगतान कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई अभियान में लाइन स्टॉफ से लाइनमेन श्रवण गिरी, राव फरमान, संजय चौहान, सुशील कुमार व अजमल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!