हरिद्वार। ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के द्वितीय उपखंड में तैनात अवर अभियंता के करीब दो सप्ताह से अवकाश पर रहने के कारण ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली बुरी तरह प्रभावित हो गई है। नए विद्युत कनेक्शन जारी करने, विद्युत भार (लोड) बढ़ाने और अन्य तकनीकी अनुमोदनों से जुड़े अनेक कार्य ठप पड़े हैं। ऑनलाइन पोर्टल पर जेई की रिपोर्ट लंबित होने से दर्जनों फाइलें आगे नहीं बढ़ पा रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को रोजाना विभागीय कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत संचालित उपखंड द्वितीय में तैनात जेई मुकेश रवि पिछले करीब दो सप्ताह से अवकाश पर हैं। इस दौरान विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था तो की, लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि नए बिजली कनेक्शन, विद्युत भार वृद्धि और अन्य तकनीकी स्वीकृतियों से संबंधित कई आवेदन जेई की ऑनलाइन रिपोर्ट के अभाव में लंबित पड़े हैं। परिणामस्वरूप उपभोक्ताओं के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें नए कनेक्शन या लोड बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। कई उपभोक्ता रोजाना कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन फाइलों का निस्तारण नहीं होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, इस संबंध में अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी है और लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अधिक समय तक परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जल्द ही सभी लंबित मामलों का समाधान कराया जाएगा।
