हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर बड़ा हादसा, रोड किनारे खडे ट्रक में घुसी कार, चार की मौत

ऋषिकेश। कोतवाली क्षेत्र से देर रात एक बड़ा सडक हादसा सामने आया है। तेज़ रफ्तार XUV 500 कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस गई, जिससे मौके पर ही कार में सवार 4 दोस्तों की मौत हो गई। हादसे की आवाज़ सुनकर मौक़े पर चीख-पुकार मच गई और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस भी मौक़े पर पहुंची और राहत बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की देर रात को एक XUV 500 कार (UK 07FS 5587) हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रही थी। इसी दौरान मनसा देवी मंदिर के रेलवे फाटक के पास सड़क पर अचानक से आई गाय को बचाने के चक्‍कर में ड्राइवर ने कार को बाईं ओर मोड़ा और नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। हादसे में चार की मौक़े पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। जिसके बाद वाहन काट कर क्षत-विक्षत शव बाहर निकालने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (31) पुत्र दीनबंधु जायसवाल निवासी चंद्रेश्वर नगर दुर्गा मंदिर रोड ऋषिकेश, हरिओम पांडे (22) पुत्र अरविंद कुमार निवासी हनुमान मंदिर गुमानीवाला ऋषिकेश, कर्ण प्रसाद (23) पुत्र तुलसी प्रसाद लक्कड़ घाट ऋषिकेश, सत्यम कुमार (20) पुत्र मंगल सिंह निवासी गुज्जर बस्ती के तौर पर हुई है। धीरज जायसवाल XUV500 चला रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!