उत्तराखंड डेस्क।
चमोली। टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में देर रात बड़ा हादसा हो गया। विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना के अंदर दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में करीब 60 लोग घायल हुए हैं। निर्माणाधीन टनल में लोको ट्रेन मजदूरों को लाने ले जाने के लिए लगाई गई थी। शिफ्ट चेंज के समय ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। जलविद्युत परियोजना की 13 किलोमीटर लंबी सुरंग में 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर काम कर रहे थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है।
ट्रैन में 110 इंजीनियर, कर्मचारी और श्रमिक लोग सवार थे। वें काम खत्म करने के बाद लौट रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
42 घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर और 17 को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों में अधिकतर लोग बिहार, ओडिश और झारखंड के रहने वाले हैं। हादसे का प्रारंभिक कारण सामान ला रही ट्राली के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हादसे के कारण सुरंग में निर्माण कार्य भी रोका गया।
