लापता युवक का शव गंगा नहर किनारे मिलने से हड़कंप

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हरिपुर कला निवासी लापता युवक साहिल भदोरिया का शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ज्वालापुर नहर पटरी पर मिला। बेटे का शव मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस पर खोजबीन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, भूपतवाला हाल निवासी हरिपुर कला दीपक भदोरिया का पुत्र साहिल बीती 24 दिसंबर से लापता था। पिता का आरोप है कि उन्होंने समय पर पुलिस को इसकी सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस ने सक्रियता नहीं दिखाई और तीन दिन बाद 27 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज की। मंगलवार को परिजन खुद साहिल की तलाश में निकले थे, तभी उन्हें ज्वालापुर नहर पटरी के पास सड़क किनारे साहिल का शव पड़ा मिला।मृतक के परिजनों ने आर्यन नाम के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हंगामा बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!