लक्सर। लक्सर पुलिस और गौवंश स्क्वॉड की टीम ने गुरुवार को रणसुरा गांव के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने मौके से दो जीवित गायों को सुरक्षित छुड़ाया और करीब 150 किलो मांस बरामद किया है। हालांकि, आरोपी अंधेरे और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश जारी है।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रणसुरा गांव में तैय्यब के घर के पीछे गन्ने के खेतों में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कौशयारी के नेतृत्व में पुलिस और गौवंश स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को आता देख मौके पर मौजूद लोग भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा भी किया, लेकिन आरोपी झाड़ियों और खेतों का सहारा लेकर फरार हो गए।तलाशी के दौरान पुलिस को गन्ने के खेत से एक गाय की खाल, चार पैर और करीब 150 किलो ताजा मांस बरामद हुआ।

मौके पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी ने जांच के बाद पुष्टि की कि बरामद मांस गौवंश का ही है। पुलिस ने मांस और मौके पर मिले जूते व अन्य सामान को कब्जे में ले लिया है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो गायों की जान बच गई। खेत में ही पेड़ से दो गाएं बंधी हुई मिलीं, जिन्हें काटने की तैयारी थी। इनमें से एक काले-सफेद रंग की और दूसरी भूरे रंग की गाय है। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित मुक्त कराकर थाने भिजवा दिया है।पुलिस ने आरोपी रणसुरा निवासी शाहरूख, गुलजार और जौरासी (मंगलौर) निवासी रिफाकत व अन्य के खिलाफ उत्तराखंड गौ संतान संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कौशयारी, नितिन चौहान, रंजीत नौटियाल, कपिल देव, अरुण चौहान, रविन्द्र चौहान, अक्षय तोमर शामिल रहे। वहीं गौवंश स्क्वॉड टीम सुनील कुमार, दीवान सिंह, राजेन्द्र रावत, बृजकिशोर, प्रवीण, महिला कांस्टेबल लखमीरी,शामिल रहे हैं।
