हरिद्वार। सामान खरीदने बाजार गए जीजा पर उसी के सालो ने हमला कर दिया। आरोपियों ने जीजा व अपनी ही भांजी के साथ गाली-गलौच की और उन पर हथौड़े व लोहे की रॉड से वार किए। हमले में जीजा का हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आई। वहीं, ज्वालापुर पुलिस ने जीजा की शिकायत पर दोनों सालो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार समर खान पुत्र सुलेमान अली निवासी मोहल्ला कोटरवान ज्वालापुर ने कोतवाली में शिकायत कर बताया कि बीते 16 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी नाबालिग बेटी के साथ मंडी के कुआं के पास घर का सामान लेने गए थे। वहां पहले से मौजूद शाह गली मैदानियान निवासी गुलजार खान और फरमान खान पुत्रगण बहादुर खान ने उन्हें देखते ही गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों ने लोहे की रॉड व हथौड़े से उसपर वार कर हाथ की हड्डी तोड़ डाली। इस दौरान पुत्री ने बिच बचाव कराने की कोशिश की तो उसके साथ भी दोनों ने मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित की जान बचाई। जाते-जाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वहीं, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
