हरिद्वार। उत्तराखंड एसटीएफ को कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंग का सक्रिय सदस्य और 5000 रुपये का इनामी अपराधी आकाश सक्सेना आखिरकार पकड़ा गया। एसटीएफ की टीम ने रुड़की क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया।

एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने साफ कहा कि गैंग की जड़ें उखाड़कर ही दम लिया जाएगा और अपराधियों से सांठ–गांठ रखने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि डीजीपी दीपम सेठ के कार्यभार संभालते ही पूरे राज्य में वांछित, इनामी और संगठित अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत एसटीएफ ने पिछले महीनों में प्रवीण वाल्मीकि गैंग के खिलाफ लगातार बड़े एक्शन किए हैं। इसी अभियान के दौरान गैंग के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई से पूछताछ में जमीन कब्जे के बड़े खेल का खुलासा हुआ है।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि रुड़की के ग्राम सुनेहरा निवासी श्याम बिहारी की 2014 में मृत्यु के बाद उसकी करोड़ों की संपत्ति पर गैंग की नजर थी। संपत्ति की देखरेख कर रहे छोटे भाई कृष्ण गोपाल की 2018 में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद मृतक की पत्नी रेखा से धमकाकर जमीन अपने नाम पर करवाने की कोशिश की गई। रेखा के न मानने पर उसके भाई सुभाष पर 2019 में गैंग के सदस्यों ने फायरिंग करवाई, जिसकी 307 की रिपोर्ट गंगनहर थाने में दर्ज हुई। लगातार हमलों से परिवार इतना डर गया कि वह रुड़की क्षेत्र छोड़कर अज्ञात स्थान पर रहने लगा।
परिवार के छिप जाने के बाद गैंग ने अपने तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। एक महिला को फर्जी रेखा बनाकर खड़ा किया गया और रेखा व कृष्ण गोपाल की पत्नी स्नेहलता के नाम पर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर करोड़ों की जमीन को आगे बेच दिया गया। इस पूरे खेल में प्रवीण वाल्मीकि के करीबी मनीष बॉलर, पंकज अष्टवाल और महिला निर्देश पत्नी कुलदीप सिंह की भूमिका सामने आई, जिन्हें एसटीएफ पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब एसटीएफ की जांच में यह भी साबित हुआ है कि आकाश सक्सेना, निवासी श्यामनगर रुड़की, इस फर्जीवाड़े और जमीन कब्जा साजिश में गैंग का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ ने 5 दिसंबर की रात उसे रुड़की क्षेत्र में छापेमारी कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश सक्सेना पुत्र विनय सक्सेना निवासी श्यामनगर, रुड़की के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली एसटीएफ टीम में:-
निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, बृजेन्द्र चौहान, महेन्द्र नेगी और कांस्टेबल अनिल पंवार शामिल रहे।
