राहत अंसारी
हरिद्वार। विद्युत बिलों का भुगतान जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ ऊर्जा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को ज्वालापुर के मोहल्ला धीरवाली में विशेष अभियान चलाकर बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए। अवर अभियंता मनोज कुमार टांक ने बताया कि विद्युत विभाग पर उपभोक्ताओं के करोड़ों रुपये बकाया हैं। बकाया वसूली के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है, उनके कनेक्शन काटने के साथ ही मीटर भी जब्त किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि असुविधा से बचने के लिए शीघ्र बिजली बिल जमा कर दें। अन्यथा बकाया बिल को राजस्व विभाग को आरसी के रूप में भेज दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित उपभोक्ता की होगी। अभियान के दौरान लाइनमैन श्रवण कुमार गिरी, सुशील कुमार, फरमान राव, संजय चौहान, अतुल कुमार और अजमल अंसारी सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
