हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में आधार कार्ड, हाईस्कूल अंकतालिका और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों एवं एसएसपी नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के दौरान 22 फरवरी को सीओ सदर सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी के निर्देश पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा व एसएसआई देवेंद्र तोमर के नेतृत्व में सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद स्थित पिपलेश्वर मंदिर के पास एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान पर छापेमारी की गई। छापे के दौरान एक युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से फर्जी दस्तावेज बनाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार (28 वर्ष) पुत्र वेदपाल सिंह निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हाल पता पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में बाहरी राज्यों से नौकरी करने आने वाले लोगों को उत्तराखंड के आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। वह आधार कार्ड में नाम, पता व उम्र में हेरफेर कर प्रिंट निकालकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था और इसके एवज में धनराशि वसूलता था।
पुलिस टीम की सक्रियता से खुला राज…

सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता से फ़र्ज़ी दस्तावेजों के इस खेल का पर्दाफाश हो पाया। साथ ही पुरे मामले में एएसआई संजय चौहान की अहम भूमिका रही। टीम ने सतर्कता और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया। वहीं, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस को 04 आधार कार्ड (जिनमें 02 कूटरचित), 09 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित छायाप्रतियां तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना सिडकुल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

बरामद सामान:-
01 सिल्वर लैपटॉप
01 लैपटॉप चार्जर
01 कलर प्रिंटर-स्कैनर
01 की-बोर्ड
04 आधार कार्ड (02 कूटरचित)
09 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित प्रतियां
पुलिस टीम में:-
1- थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
2- व0उ0नि0 देवेन्द्र तोमर, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
3- उ0नि0 बबलू चौहान, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
4- अ0उ0नि0 संजय चौहान, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
5- हे0का0 406 जितेन्द्र मलिक, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
6- हे0का0 217 देशराज, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
7- का0 685 गजेन्द्र प्रसाद, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
8- का0 417 मुकेश, थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार
