ट्रिपल धमाका: गंगनहर पुलिस ने एक ही दिन में हासिल की तीन बड़ी सफलताएं, अपराधियों पर कसा शिकंजा तो आमजन के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने बुधवार को लगातार तीन बड़ी सफलताएं हासिल कर अपराधियों को कड़ा संदेश देने के साथ-साथ आमजन का भरोसा भी मजबूत किया। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई लाखों रुपये की नकबजनी का खुलासा किया, वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ कर 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए और साथ ही करीब 20 लाख रुपये कीमत के 51 खोए हुए मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस लौटाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान भी लौटाई।

ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा

कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश के बड़ौत क्षेत्र से साहिन पुत्र शाह आलम (35 वर्ष) निवासी शहीद नगर जवाहर पार्क, थाना साहिबाबाद को गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से सोने और चांदी के बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए। बरामद माल में सोने का हार, मांग टीका, झुमके तथा चांदी की अंगूठियां, ताबीज, कंगन, लॉकेट, चैन, बिछुए, पायल, शिव मूर्ति समेत विभिन्न आभूषण शामिल हैं। बरामद माल का कुल वजन करीब 1398.79 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किए जाने की संभावना है।

वाहन चोरी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गंगनहर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भी खुलासा किया। पुलिस ने पनियाला तिराहा क्षेत्र से अयान पुत्र नसीम अहमद निवासी माधोपुर हजरतपुर तथा अजय पुत्र मांगेराम निवासी नगला कुबड़ा, झबरेड़ा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने कुल 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। इनमें एक एक्टिवा स्कूटी और 10 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों में अधिकांश स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स बाइक हैं, जिनकी नंबर प्लेट हटाई गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे की लत और आर्थिक लाभ के लिए वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनमें बदलाव कर उन्हें बेचने की तैयारी की जाती थी। बरामद वाहनों में से पांच वाहनों का संबंध विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों से पाया गया है, जबकि अन्य वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है।

51 खोए मोबाइल लौटाकर पुलिस ने जीता लोगों का दिल

अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसेवा के क्षेत्र में भी हरिद्वार पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। देहात क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे एसएसपी नवनीत सिंह ने कोतवाली गंगनहर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा रिकवर किए गए 51 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे।

इन मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की तकनीकी टीम और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगातार किए गए प्रयासों के बाद विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों ने जब अपने फोन वापस प्राप्त किए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।

कई लोगों ने कहा कि मोबाइल में उनकी निजी यादें, जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण जानकारियां थीं, जिन्हें वापस मिलना उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। मोबाइल स्वामियों ने हरिद्वार पुलिस, एसएसपी नवनीत सिंह और पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की।

अपराधियों पर सख्ती, जनता का बढ़ा विश्वास

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

एक ही दिन में चोरी का खुलासा, वाहन चोर गिरोह की गिरफ्तारी और 51 खोए मोबाइल फोन बरामद कर लौटाने जैसी तीन बड़ी सफलताओं ने हरिद्वार पुलिस की सक्रियता को एक बार फिर साबित कर दिया है। पुलिस की इन कार्रवाइयों से जहां अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।

पुलिस टीम में रहे ये शामिल

इस पूरी कार्रवाई में इंस्पेक्टर गंगनगर मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार, उ.नि. संजीव चौहान, उ.नि. ब्रहमदत्त बिलज्वाण, उ.नि. पंकज कुमार, उ.नि नविन कुमार, अ.उ.नि. मनीष कवि, अ.उ.नि. आशीष कुमार, हे.का. युनुस बेग, का. प्रभाकर, का. धीरेन्द्र, का. अजय, का. अजय काला (सीआईयू रूडकी), का. वसीम (सीआईयू रूडकी), हे.का. मनमोहन (सीआईयू रूडकी) आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!