एसपी सिटी अभय प्रताप की अध्यक्षता में रमजान व होली को लेकर ज्वालापुर में शांति गोष्ठी आयोजित, सौहार्द बनाए रखने की अपील

हरिद्वार। रमजान माह एवं आगामी होली पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में शांति गोष्ठी का आयोजन किया गया। रेलवे रोड स्थित बंधन पैलेस में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अभय प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर एवं संजय चौहान, क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर ने की।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार सहित बाजार एवं रेल चौकी प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के पार्षद, दोनों समुदायों के संभ्रांत व्यक्ति, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, मस्जिदों के इमाम तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने गोष्ठी में भाग लिया।

गोष्ठी में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि रमजान और होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व एक साथ पड़ने के कारण आपसी भाईचारा और समन्वय बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। मस्जिद कमेटियों के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि रमजान माह में नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार का अवरोध नहीं होने दिया जाएगा।

वहीं होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग या अशांति से बचने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने या शांति में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।

फ़ाइल फोटो: एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह।

वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहार खुशियों और भाईचारे का संदेश देते हैं, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!