दिलशाद अंसारी
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस दौरान छह से आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि रियासत पुत्र लियाकत और शोकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। आरोप है कि शोकित ने गांव के ही कुछ लोगों को बुलाकर रियासत पक्ष पर हमला कराया, जिसके बाद मामला और भड़क गया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करते रहे।घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट और पत्थरबाजी होती दिखाई दे रही है। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने ही इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।


