अमन सलमानी

हरिद्वार।पथरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद 48 वर्षीय बाइक सवार ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नसीरपुर कला गांव निवासी इदरीश (48) मंगलवार देर रात किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे निर्भय फार्म के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इदरीश गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल इदरीश को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान इदरीश ने दम तोड़ दिया।पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को ज़ब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक मौके से भागने में सफल रहा।कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस ने इदरीश के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इस हादसे से नसीरपुर कला गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!