दिलशाद अंसारी
पथरी। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चालकों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फेरूपुर पत्थर वाली पुलिया के पास हुआ, जहाँ एक अनियंत्रित कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी।मिली

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह एक बैटरी रिक्शा लक्सर से हरिद्वार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह फेरुपुर पत्थर वाली पुलिया के पास पहुँचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया।पुलिस ने बताया कि हादसे में कार चालक विकास धीमान (26 वर्ष) निवासी फेरुपुर, ई-रिक्शा चालक आश मोहम्मद (24 वर्ष) निवासी नसीरपुर कला और रिक्शा में सवार यात्री चरण सिंह (55 वर्ष) निवासी माजरी (कलियर) की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में घायल नीरज कुमार (नजीबाबाद), रंजीत (बिहार), दिव्यांश और नैंसी (बाजपुर) को गंभीर चोटें आई हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। थानाध्यक्ष मनोज नोटियाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
