फायर यूनिट की जांबाजी से एटीएम में रखे 15 लाख रुपये जलने से बचे

हरिद्वार,रुड़की शहर के बीटीगंज स्थित रामलीला ग्राउंड के पास बीती रात एक बड़ा अग्निकांड होने से टल गया। जिला सहकारी बैंक के एटीएम में लगी भीषण आग पर फायर यूनिट रुड़की ने न केवल तत्परता से काबू पाया, बल्कि मशीन के भीतर मौजूद (15 लाख) रुपये की नकदी को भी जलने से सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार की मध्यरात्रि (लगभग 12:00 बजे) की है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एटीएम से आग की लपटें उठ रही थीं, लेकिन फायर कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए मोर्चा संभाला। टीम की सतर्कता के कारण मशीन में रखी 15 लाख रुपये की धनराशि को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया। यदि समय पर कार्रवाई न होती, तो बैंक को भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ सकता था।फायर यूनिट ने होज पाइप फैलाकर पंपिंग शुरू की और आग को बैंक की मुख्य इमारत तक फैलने से रोक दिया। हालांकि, आग के कारण एटीएम मशीन को काफी नुकसान पहुंचा है। प्राथमिक जांच के अनुसार, आग बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी प्रतीत होती है। घटना के समय बैंक का सुरक्षा गार्ड मौके पर ही तैनात था।मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने फायर यूनिट रुड़की के रिस्पांस टाइम और जोखिमपूर्ण ढंग से नकदी बचाने की कार्रवाई की खुले मन से सराहना की। टीम ने निरीक्षण के बाद घटना की जानकारी कंट्रोल रूम और उच्च अधिकारियों को दे दी है।

बचाव कार्य में शामिल टीम:

भगवती प्रसाद (लीडिंग फायरमैन)

विपिन सिंह तोमर (चालक)

शंकर कुमार (फायरमैन)

सुनील सिंह (फायरमैन)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!