गंगनहर में डूबे चार कांवड़िए, एक को बचाने में गई चार जिंदगियां

हरिद्वार। गंगाजल लेकर घर लौटने से पहले गंगनहर में स्नान करने उतरे चार किशोर कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास हुए हादसे में एक किशोर गहरे पानी में फंस गया। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी नहर में उतर गए, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण चारों पानी में समा गए। एक साथ चार किशोरों की मौत की खबर से कांवड़ मेले के बीच मौके पर मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से करीब 17 कांवड़ियों का दल गंगाजल लेने हरिद्वार आया था। गंगाजल भरने के बाद दल के सदस्य जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी को डूबता देख तीन अन्य किशोर उसे बचाने के लिए नहर में उतर गए। देखते ही देखते चारों गहरे पानी में लापता हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही जल पुलिस, ज्वालापुर पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने नहर में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद चारों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

मृतकों की पहचान शिवांशु (16) पुत्र पवन सिंह, नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश निवासी सेक्टर-16 चंडीगढ़ और रोहित पुत्र भवानी प्रजापति निवासी सेक्टर-26 चंडीगढ़ के रूप में हुई है। चारों अपने अन्य साथियों के साथ चंडीगढ़ से हरिद्वार कांवड़ लेने पहुंचे थे।

कम पानी देखकर नहर में उतरे, गड्ढे ने ली जान

बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के चलते गंगनहर में सिल्ट आने से कई स्थानों पर पानी का प्रवाह प्रभावित हुआ है। कम पानी देखकर कांवड़िए नहर के बीच तक पहुंच गए, लेकिन वहां बने गहरे गड्ढे का उन्हें अंदाजा नहीं था। इसी गहराई में फंसने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों किशोरों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने मौके पर संभाली कमान

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ सिटी और ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते हुए टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इन लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

रेस्क्यू टीम में एएसआई अतुल सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नरेंद्र नेगी, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह रावत, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह, गोताखोर जानू पाल, गोताखोर मनोज बहुखंडी, उपनल गोताखोर चिराग अरोड़ा और वाहन चालक मनमोहन सिंह नेगी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!