हरिद्वार। शहर को कचरा-मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने एक अनोखी और मानवीय पहल शुरू की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर अब निगम के अधिकारी खुद उन संवेदनशील जगहों (कूड़ा पॉइंट्स) पर कुर्सी डालकर बैठ रहे हैं, जहाँ लोग अक्सर गंदगी फैलाते हैं। इस अभियान के जरिए लोगों को प्यार से स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

नगर निगम की टीम उन जगहों पर विशेष नजर रख रही है जिन्हें ‘गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स’ के रूप में चिन्हित किया गया है। अभियान के दौरान यदि कोई व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकते हुए मिलता है, तो उसे फटकार लगाने या जुर्माना देने के बजाय गुलाब का फूल भेंट किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस सकारात्मक तरीके से लोग अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और भविष्य में शहर को साफ रखने में मदद करेंगे। अधिकारी खुद मौके पर रहकर नागरिकों को समझा रहे हैं कि वे कूड़ा सड़क पर न फेंकें, बल्कि डस्टबिन में जमा कर निगम की कूड़ा गाड़ी को ही दें। साथ ही, लोगों को नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर भी दिया जा रहा है ताकि कूड़ा गाड़ी न आने पर वे तुरंत शिकायत कर सकें। इस अभियान के दौरान स्थानीय पार्षद निशा नौडियाल के साथ उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, पर्यावरण पर्यवेक्षक सुदर्शन और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। निगम की इस पहल को स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
