वार्ड 44 आनन्द विहार कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण शुरू, लोगों को मिलेगी आवागमन से राहत

हरिद्वार। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर में बुधवार को आनन्द विहार कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर वार्ड पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि कच्ची और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को खासतौर पर बरसात के मौसम में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। सड़क पर कीचड़, जलभराव और फिसलन की स्थिति बनी रहती थी, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कत होती थी। उन्होंने कहा कि सीसी सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा और जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनेगी। इससे बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी तथा कॉलोनी की साफ-सफाई और सुंदरता में भी सुधार होगा। पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा में एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वार्ड 44 के अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। सीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए वार्ड पार्षद का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इस सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम में रिटायर्ड दरोगा अर्जुन लाल, सतीश, जाफिर अंसारी, दानिश अंसारी, अखिल कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!