नशे के खिलाफ अभियान में ज्वालापुर पुलिस की कार्रवाई, गांजा तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.240 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर कुंदन सिंह राणा द्वारा थाना क्षेत्र में अलग-अलग टीमों का गठन कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने लाल पुल पार नहर पटरी के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महिपाल पुत्र जगदीश निवासी ग्राम फलोदी नैटोर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रावली महदूद क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.240 किलो ग्राम गांजा और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। एसएसआई ज्वालापुर खेमेन्द्र गंगवार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल हिमेश चंद्र एवं कांस्टेबल दीपक चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!