पटाखे की आवाज और प्रेशर हॉर्न बजाना पड़ा भारी, भगवानपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई

भगवानपुर। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर और प्रेशर हॉर्न बजाकर आम जनता में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को थाना भगवानपुर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कस्बा भगवानपुर में एक मोटरसाइकिल सवार युवक मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालते और प्रेशर हॉर्न बजाते हुए पाया गया, जिससे आसपास के लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक सालिक पुत्र नावेद, निवासी ग्राम चांचक, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार को पकड़ लिया। उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई तथा बाइक संख्या UK17U8470 को सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी भगवानपुर राजीव रौथान ने बताया कि पकड़े गए युवक को कोतवाली लाकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त हिदायत दी गई। बाद में उसे परिजनों की सुपुर्दगी में छोड़ दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिग वाहन चालकों, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज वाले वाहनों, बिना कागजात और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!