हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस ने बुलेट लूट कर ले जाने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वही, थाना बुग्गावाला पुलिस ने बाइक चोरी में शामिल एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार गत 5 जून को देवबंद निवासी हिमांशु पुत्र राजीव ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनकी बुलेट मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर भगवान महर के नेतृत्व में टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए जनपद और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 296 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय अपराधियों की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों का भी गहन विश्लेषण किया गया। लगातार जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी।

प्रभारी निरीक्षक मंगलौर भगवान महर के नेतृत्व वाली टीम ने 16 जून को मिली सटीक सूचना के आधार पर सर्वानंद घाट क्षेत्र में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल तथा घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र महावीर निवासी ग्राम डोसीनी थाना लक्सर तथा सिद्धार्थ पुत्र बिरमपाल निवासी ग्राम ढंढेरा थाना सिविल लाइन रुड़की के रूप में हुई है।
एक बाइक चोर चढ़ा हत्थे
हरिद्वार। थाना बुग्गावाला पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बंजारेवाला निवासी शेखर चौहान ने थाना बुग्गावाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून की रात उनके घेर से उनकी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष बुग्गावाला के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद बुधवार को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान बंजारेवाला पुल के पास से दीपक पुत्र राकेश निवासी ग्राम बंजारेवाला, थाना बुग्गावाला को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर ग्राम गोकुलवाला स्थित एक खेत से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
