हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची के दिनदहाड़े अपहरण से सनसनी फैल गई है। बैरागी कैंप स्थित ठोकर नंबर-10 से शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला और युवक मासूम को अपने साथ ले गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार तीन वर्षीय कुमारी राधिका पुत्री विनोद सोलंकी निवासी ठोकर नंबर-10 बैरागी कैंप शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और एक युवक बच्ची को गोद में लेकर तथा बाद में टेम्पो में बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कनखल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मासूम के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। वही, पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची या सीसीटीवी में दिखाई दे रहे महिला एवं युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
