पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने को लेकर विवाद, मालिक और कर्मचारी के साथ मारपीट

हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित ट्रक यूनियन के पास एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार युवकों ने पंप मालिक और कर्मचारी के साथ मारपीट की और कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।

घटना बंधन पैलेस के पास स्थित भारत पेट्रोल पंप की है। अहबाबनगर और कस्साबान क्षेत्र के कुछ युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुँचे थे। आरोप है कि तेल की मात्रा को लेकर कर्मचारी से उनकी कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी। शोर सुनकर जब पंप मालिक उमरशाद अंसारी बीच-बचाव करने आए, तो युवकों ने उन पर भी हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने पंप परिसर में जमकर हंगामा किया और पथराव कर कार्यालय के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान मालिक और एक कर्मचारी घायल हो गए। हंगामे के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

रेल चौकी प्रभारी समीप पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और मौर्चा संभाला। पुलिस को देख कई युवक वहां से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि फरार युवकों की पहचान हो सके। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है और तहरीर मिलने पर आगे का मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!