रूड़की। थाना भगवानपुर पुलिस ने गोकशी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोमांस की तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी सहित अन्य साथ आरोपियों के खिलाफ उत्तराखण्ड गौ संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है है।

प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान ने बताया कि बीते शनिवार को सूचना मिली कि ग्राम सिकरोड़ा निवासी कुछ लोग गोकशी के बाद गोमांस को मोटरसाइकिलों के जरिए हद्दीपुर से सिकरोड़ा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तौफिक पुत्र शफीक निवासी सिकरोड़ा को मोटरसाइकिल नंबर UK17V-2485 सहित गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस को देखकर उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से नीले रंग के प्लास्टिक के कट्टे में पन्नियों में भरा हुआ करीब 60 किलो संदिग्ध गोमांस बरामद हुआ। टीम ने मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। बरामद संदिग्ध गोमांस को गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद जमीन में दबाया गया।

पुलिस ने फरार आरोपियों फैजान, अतीक, सुभान उर्फ मोना, रिहान, हसीन, असलम और नौशाद के खिलाफ थाना भगवानपुर में उत्तराखण्ड गौ संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, एसएसआई अंकुर शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, कांस्टेबल प्रदीप गुप्ता, कांस्टेबल विनय और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
