हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक मिस्त्री के साथ मारपीट और धारदार औजार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में पहुंचे युवक ने पहले विवाद शुरू किया और फिर मजदूर पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की गई।

पुलिस को दी गई शिकायत में टिबड़ी निवासी संदीप कुमार ने बताया कि उनके निर्माणाधीन मकान में मिस्त्री जावेद काम कर रहा था। इसी दौरान इलाके का रहने वाला गोविंदा वहां पहुंचा और बेवजह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि गोविंदा शराब के नशे में था और अक्सर क्षेत्र में झगड़ा करता रहता है। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मिस्त्री के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसने फावड़े से हमला कर जावेद को घायल कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। मारपीट में मिस्त्री के कपड़े भी फट गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं गोविंदा और संजीव निवासी टिबड़ी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की गई है।
