ऊर्जा विभाग ने ज्वालापुर में 65 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे

हरिद्वार। मार्च माह के अंतिम चरण में ऊर्जा विभाग ने राजस्व वसूली अभियान को युद्धस्तर पर पहुंचा दिया है। विभागीय अधिकारियों की सख्ती और लगातार फील्ड में मौजूदगी के चलते बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान का असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है, जिससे राजस्व वसूली में तेजी आई है।

शुक्रवार को अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ-I शिल्पी सैनी के नेतृत्व में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने ज्वालापुर के सीतापुर, सुभाष नगर, पीठ बाजार एवं मुख्य बाजार जैसे व्यस्त और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर लंबे समय से बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं को चिन्हित करते हुए सख्त कार्रवाई की।

अभियान के दौरान विभाग ने कुल 65 बिजली कनेक्शन काटे, जिससे बकायेदारों में हड़कंप मच गया। इसके अलावा 15 उपभोक्ताओं के मीटर भी मौके पर ही उतार लिए गए, जो लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहे थे। विभाग ने इस दौरान सख्ती के साथ-साथ मौके पर ही वसूली भी की और करीब 18 लाख रुपये का राजस्व संग्रह कर बड़ी सफलता हासिल की।

अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने कार्रवाई से बचने के लिए तुरंत बकाया जमा कराया, जिससे वसूली में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अक्षय कुमार सिंह एवं दीप्ति चौहान सहित लाइन स्टाफ की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!