जबरन वसूली: कथित पत्रकार अर्चना ढींगरा सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने गए एक कर्मचारी से कथित तौर पर खुद को पत्रकार बताने वाले गिरोह के तीन लोगों द्वारा 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार धनपुर निवासी अमृत कुमार, जो पुष्पक गैस सर्विस में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत है, शुक्रवार को आर्यनगर स्थित संतोष विहार क्षेत्र में सिलेंडर की डिलीवरी देने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कथित पत्रकार अर्चना ढीगरा, देवम मेहता व विश्वास सैनी ने उसकी बाइक रोक ली और चाबी निकाल ली। आरोप है कि उक्त तीनों ने सिलेंडर का वजन कराने के नाम पर अमृत कुमार को रोका और खुद को पत्रकार बताते हुए दबाव बनाने लगे। जब डिलीवरी बॉय ने उनसे पहचान पत्र दिखाने और उच्चाधिकारी को बुलाने की बात कही तो वे आक्रामक हो गए। अमृत कुमार किसी तरह वहां से निकलकर अपने कार्यालय पहुंचा, लेकिन तीनों आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। कार्यालय में घुसकर आरोपियों ने कथित रूप से 2 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित द्वारा तत्काल मामले की सूचना अपने अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कनखल पुलिस को शिकायत दी गई। जिसके बाद कनखल पुलिस ने देवम मेहता, अर्चना डिगरा और विश्वास सैनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!