हरिद्वार। कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस लगातार अपराध पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी हुआ सामान व नकदी भी बरामद कर ली है। जिसके बाद उसको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को गंगनहर क्षेत्र के एक मंदिर में चोरी की घटना दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव व एसएसआई दीप गौड़ के नेतृत्व जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर शनिवार को दून स्कूल रोड से कलियर पुल की ओर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाज पुत्र इसरार निवासी गली नंबर 17, दून स्कूल के पास, सिविल लाइन रुड़की के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नगदी बरामद की गई। बरामदगी में दो मंगलसूत्र, चार जोड़ी बिछुए, एक जोड़ी पायल, मूर्ति के टूटे हुए हिस्से, मांग टीका, लांग समेत कुल 668 रुपये की नगदी शामिल है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए छोटी-बड़ी चोरियों को अंजाम देता था। एसएसआई दीप गौड़ ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष कवि, कांस्टेबल लाल सिंह, अजयवीर और अजय दत्त शामिल रहे।


